*जनगणना-2027 को सुचारू एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु 106 फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण का प्रथम बैच प्रारम्भ*
*जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
*जनगणना से संबंधित 40 प्रश्नों एवं उनके सही उत्तर दर्ज करने की प्रक्रिया की दी गई विस्तृत जानकारी*
*रायबरेली-07 अक्टूबर 2026,*
जनगणना-2027 को सुचारू, व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार, रायबरेली में 106 फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण का प्रथम बैच प्रारम्भ हुआ। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर आशुतोष तिवारी एवं ऋषभ गुप्ता द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना में पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों, प्रत्येक प्रश्न के सही उत्तर दर्ज करने की प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों एवं सूचनाओं के संकलन तथा गणना कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना की प्रक्रिया में संकलित आंकड़ों का उपयोग विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाता है। ऐसे में जनगणना कार्य से जुड़े प्रत्येक कार्मिक का अपने दायित्वों एवं निर्धारित प्रक्रिया की पूरी जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान सभी फील्ड ट्रेनर जनगणना कार्य से संबंधित प्रत्येक बिंदु को गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक समझें, ताकि तहसील एवं चार्ज स्तर पर प्रगणकों तथा अन्य संबंधित कार्मिकों को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके। उन्होंने प्रशिक्षण में किसी भी प्रकार की शंका होने पर तत्काल उसका समाधान प्राप्त करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, प्रश्नावली में सूचनाओं की सही प्रविष्टि, गणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा कार्मिकों की जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं द्वारा जनगणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर अपनी जिज्ञासाएं एवं शंकाएं रखीं, जिनका मास्टर ट्रेनरों द्वारा समाधान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।