गोहद की पहचान को नई दिशा देने का संकल्प, 16 अक्टूबर को गौ-हद धाम के शिला का होगा शिलान्यास।।
25 अक्टूबर को निकलेगी प्रथम गौ-हद धाम नगरकोट परिक्रमा यात्रा; विरासत, आस्था और संस्कृति को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान
गोहद, 13 अक्टूबर 2026।
गोहद की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रतिष्ठित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ब्रजक्षेत्र गौ-हद धाम जनअभियान” के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को गौ-हद धाम का शिलान्यास समारोह तथा रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को प्रथम गौ-हद धाम नगरकोट परिक्रमा यात्रा आयोजित होगी।
शिलान्यास समारोह दोपहर 12 बजे श्री कालियाकांत मंदिर प्रांगण, गोहद में होगा। इस अवसर पर पूज्य संत दंदरौआ धाम के श्री रामदास जी महाराज एवं पूज्य संत खनेता धाम के श्री रामभूषण जी महाराज के कर-कमलों से शिलान्यास संपन्न होगा।
इस कार्यक्रम में श्री लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, तथा श्री वीरेंद्र भटेले, मुख्य पुजारी, श्री कालियाकांत मंदिर को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
इसके बाद रविवार, 25 अक्टूबर को प्रथम गौ-हद धाम नगरकोट परिक्रमा यात्रा सुबह 10 बजे श्री हठीले हनुमान जी मंदिर, गोहद से प्रारंभ होगी। यात्रा का समापन किला परिसर मैदान स्थित श्री भीमाशंकर महादेव, गोहद पर होगा।
अभियान का उद्देश्य—ब्रजक्षेत्र गौ-हद धाम जनअभियान का उद्देश्य गोहद की ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं व्यापक पहचान के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है। अभियान के माध्यम से गोहद की विरासत का व्यवस्थित अध्ययन, उसका दस्तावेजीकरण और भावी पीढ़ियों तक उसके महत्व को पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।
अभियान से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि गोहद की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संपदा को योजनाबद्ध ढंग से संरक्षित एवं प्रचारित किया जाए, तो भविष्य में धार्मिक एवं विरासत पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
अभियान के माध्यम से गोहद को “गौ-हद धाम” के रूप में सांस्कृतिक पहचान दिलाने तथा श्रीकृष्ण गमन पथ में गोहद के संभावित ऐतिहासिक-सांस्कृतिक संबंधों के अध्ययन और समुचित स्थान की मांग को भी जनचर्चा का विषय बनाया जा रहा है।
आयोजकों ने संत समाज, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं, पत्रकारों और समस्त नगरवासियों से इन कार्यक्रमों में सहभागिता करने तथा गोहद की विरासत के संरक्षण के इस जनसंकल्प से जुड़ने की अपील की है।
आयोजक:
गौ-हद धाम नगरकोट परिक्रमा यात्रा समिति, गोहद
अभियान: ब्रजक्षेत्र गौ-हद धाम जनअभियान