पिंजरे में कैद हुआ मवेशियों का शिकार करने वाला तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस!!
अल्मोड़ा के द्वाराहाट क्षेत्र के बसेरा गांव में मवेशियों का शिकार कर ग्रामीणों में दहशत पैदा करने वाला तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। बीती देर रात तेंदुए के पिंजरे में फंसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया।
बताया गया कि बसेरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से तेंदुए की सक्रियता बनी हुई थी। तेंदुआ लगातार मवेशियों को अपना शिकार बना रहा था, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल था। तेंदुए की आवाजाही के कारण ग्रामीणों को अपने मवेशियों के साथ ही स्वयं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई थी।
ग्रामीणों की शिकायत और तेंदुए की लगातार बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। वन विभाग के अनुसार, पिंजरे में कैद तेंदुआ मादा है और उसकी उम्र करीब दो वर्ष बताई गई है।
तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लंबे समय से तेंदुए की दहशत झेल रहे ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर राहत जताई। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।