रामजानकी मार्ग पर मिले दो युवकों के शव, हत्या की आशंका से हड़कंप
#देवरिया। मईल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास बुधवार को दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो दोनों की मौत हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान वकील यादव पुत्र राजदेव यादव और विनय यादव पुत्र रामछबीला यादव के रूप में हुई है। दोनों मईल थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों और युवकों की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Barhaj, Deoria | Oct 21, 2026