राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिन्दर नगर में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. श्रवण डोगरा और प्रो. मोहिनी की अगुवाई में 57वां एनएसएस स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रकाश चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवियों को एनएसएस स्थापना दिवस की बधाई दी और एनएसएस के आदर्श वाक्य "मैं नहीं, बल्कि आप" पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना व एनएसएस गीत से हुई।कार्यक्रम अधिकारी डॉ श्रवण डोगरा ने राष्ट्रीय सेवा योजना की पृष्ठभूमि और वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए सभी स्वयंसेवकों व महाविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ने का आह्वान किया।इसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें एनएसएस पर भाषण, एकल नृत्य, कथक, एकल गान, दक्षिण भारतीय नृत्य और पारंपरिक पहाड़ी नाटी ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्रो. दीपक कुमार सिंह ,प्रो. कुलदीप, प्रो. विशाल कुमार, प्रो मंजूबाला, प्रो. कौमुदी, प्रो. लवनीश सहित अन्य प्राध्यापक और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवी उपस्थित रहे।अंत में कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर मोहिनी ने प्राचार्य, समस्त स्टाफ और स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त किया।