बछड़ा सामने आया, फॉर्च्यूनर अनियंत्रित; पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल के बेटे मनीष सिंगला बाल-बाल बचे
फतेहाबाद।
सड़क पर अचानक सामने आए बछड़े को बचाने के प्रयास में फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल के बेटे मनीष सिंगला बाल-बाल बच गए। एयरबैग खुलने से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। हादसा फतेहाबाद के गिल्लाखेड़ा के पास हुआ। जानकारी के अनुसार मनीष सिंगला हिसार से सिरसा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर बछड़ा आ गया। उसे बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया और फॉर्च्यूनर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे के समय एयरबैग खुल गए, जिससे मनीष सिंगला सुरक्षित रहे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि अचानक सामने आए बछड़े को बचाने की कोशिश में हुए हादसे के बावजूद कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ। एक पल की सावधानी ने बचाई जान, लेकिन सड़क पर बेसहारा पशुओं का खतरा फिर सामने आ गया। हादसा यह सवाल भी छोड़ गया कि आखिर सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं से निजात कब मिलेगी?
मनीष सिंगला बोले—“ठीक हूं, बचत हो गई”
फतेहाबाद के गिल्लाखेड़ा के पास सड़क हादसे में बाल-बाल बचे मनीष सिंगला ने कहा कि वह पूरी तरह ठीक हैं और अब अपने निवास पर हैं। उन्होंने बताया कि अचानक सड़क पर पशु सामने आ जाने के कारण हादसा हुआ। मनीष सिंगला ने कहा, “मैं ठीक हूं, बचत हो गई। पशु सामने आ गया था। अब मैं अपने निवास पर हूं। चिंता की कोई बात नहीं।” हादसे में उनकी फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि एयरबैग खुलने के कारण उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। मनीष सिंगला ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल के बेटे हैं।
Sirsa, Sirsa | Aug 22, 2026