साइड लेने को लेकर हुए झगड़े में ऑटो चालक पर लोहे की रॉड से हमला करके हत्या करने वाला आरोपी टैक्सी चालक गिरफ्तार।
कब्जा से वारदात में प्रयोग की गई लोहे की रॉड व कार बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 28 जुलाई । 27 जुलाई को थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम में एक सूचना पीपल चौक उद्योग विहार, गुरुग्राम के पास एक ऑटो चालक व एक टैक्सी चालक का आपस में झगड़ा होने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई। सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो घटनास्थल पर घायल व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद आज हॉस्पिटल से पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि अरविन्द नामक व्यक्ति घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुआ था जिसकी मृत्यु हो गई है। सूचना पाकर पुलिस टीम हॉस्पिटल पहुंची, जहां पर मृतक के भाई ने पुलिस टीम को बताया कि इसका भाई अरविन्द (उम्र-32 वर्ष) निवासी गाँव तौली, रायबरेली, उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी झाड़सा, गुरुग्राम जो गुरूग्राम में ऑटो रिक्शा चलाता था। 27 जुलाई को इसको सूचना मिली कि इसके भाई का पीपल चौक के पास झगड़ा हो गया है। सूचना पाकर यह पीपल चौक पहुंचा तो इसको ज्ञात हुआ कि इसके भाई को झगड़े में चोट लगी है और उसको ईलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया जा चुका है। जब यह हॉस्पिटल पहुंचा तो हॉस्पिटल में इसका भाई होश में था, जिसने इसको बतलाया कि एक गाड़ी चालक के साथ साइड दबाने को लेकर इसका झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान उस गाड़ी चालक ने इसके सिर पर रॉड मारी तथा जान से मारने की धमकी देकर चला गया। झगड़े में लगी चोटों के कारण ईलाज के दौरान इसके भाई की मृत्यु हो गई। इस शिकायत पर थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना उद्योग विहार, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी को 28 जुलाई को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दलीप (उम्र-32 वर्ष) निवासी विजय नगर, मोहन गार्डन, उत्तम-नगर, पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि यह टैक्सी चलाने का काम करता है। दिनांक 27 जुलाई की रात को समय करीब 8 बजे सड़क पर साइड लेने को लेकर इसका (आरोपी) उपरोक्त अभियोग में मृतिक ऑटो-चालक (अरविन्द) के साथ झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान इसने ऑटो चालक के सिर में रॉड से चोट मार दी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपी द्वारा उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई लोहे की रॉड तथा 1 कार आरोपी के कब्जा से बरामद की गई है।
पुलिस टीम द्वारा अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।