डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल जगाधरी में
प्रेरणा सप्ताह के अंतर्गत किया गया हवन
आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा हरियाणा एवं आर्य युवा समाज हरियाणा के तत्वाधान में आर्य युवा समाज संस्था से जुड़े सभी विद्यालयों में प्रेरणा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। महात्मा आनंद स्वामी जी के जन्मदिन 15 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक सभी डी.ए.वी. विद्यालयों में भजन, संगीत गोष्ठी, प्रभात फेरी, भाषण, कविता, नुक्कड़ नाटक, नशा का विरोध करते हुए रैली आदि का आयोजन किया जाएगा।इसी श्रृंखला में डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल जगाधरी में यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय की मैनेजर, डॉ. सुषमा आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सरदार होशियार सिंह जी ने स्मृति-चिह्न स्वरूप पौधा देकर मैनेजर का स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने छात्रों व अध्यापिकाओं सहित सभी की मंगलकामना करते हुए हवन में आहुति डाली। संगीत अध्यापक विकास मेहरा द्वारा सुंदर भजन प्रस्तुत किया गया।
डॉ. सुषमा आर्य जी ने कहा कि महात्मा आनंद स्वामी जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने जन कल्याण के लिए तथा राष्ट्र की उन्नति के लिए नि:स्वार्थ भाव से जो कार्य किए वह हमेशा श्रद्धा के साथ याद किए जाएँगे। प्रभारी प्रधानाचार्य सरदार होशियार सिंह जी ने आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि उपसभा का धन्यवाद किया जिन्होंने इस प्रेरणा सप्ताह का आयोजन किया जिसके माध्यम से छात्रों को वेदों के ज्ञान, आर्य-समाज की शिक्षाओं व महात्मा आनंद स्वामी जी के जीवन से अवगत होने तथा उनसे प्रेरणा लेकर सत्मार्ग पर चलने का उत्साह मिला। प्रधानाचार्य जी ने डॉ. सुषमा आर्या जी को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने हवन में उपस्थित होकर छात्रों को आर्य समाज की महत्वपूर्ण शिक्षाओं से अवगत करवाया।प्रधानाचार्य जी ने कहा कि जीवन में किताबी शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक शिक्षा भी अति आवश्यक है जो भावी पीढ़ी के व्यक्तित्व को निखारने एवं उन्हें अच्छा इंसान बनने के लिए प्रेरित करती है।