NEET (UG)-2026 परीक्षा की तैयारियां पूरी, 20 जून को होगा मॉक ड्रिल: उपायुक्त
देवघर। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने सभी केंद्रों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा गया।
कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सघन फ्रिस्किंग तथा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक जांच के साथ पुरुष एवं महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा तलाशी ली जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। बैठक में उपविकास आयुक्त पीयूष कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, एसडीओ रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।