ट्रॉली के सहारे द्वितीय केदार मध्यमहेश्वर यात्रा,, बारिश के बीच घंटों इंतजार को मजबूर श्रद्धालु, बनातोली में मधुगंगा नदी पर पुल निर्माण ठप,
सावन में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जोखिम भरी आवाजाही पर उठे सवाल,
विश्व प्रसिद्ध द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर धाम की यात्रा इन दिनों सावन माह में पूरे श्रद्धाभाव के साथ जारी है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु बाबा मध्यमहेश्वर के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन बनातोली में मधुगंगा नदी पर तीन वर्षों से अधूरा पड़ा झूला पुल यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बना हुआ है। पुल निर्माण पूरा न होने से श्रद्धालुओं को बारिश के बीच ट्रॉली के सहारे नदी पार करनी पड़ रही है और अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण मधुगंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। ऐसे में ट्रॉली के माध्यम से आवाजाही ही एकमात्र विकल्प बचा है। सीमित क्षमता के कारण एक बार में कुछ ही लोगों को नदी पार कराया जाता है, जिससे दोनों ओर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई श्रद्धालुओं को तेज बारिश और खराब मौसम के बीच घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।