हाइवा पलटा, बिजली का पोल टूटा; विभाग की तत्परता से बहाल हुई आपूर्ति
मदनपुर पड़ाव के समीप बाईपास निर्माण कार्य में लगे एक हाइवा के अचानक पलट जाने से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पोल एवं लाइन की मरम्मत शुरू कर दी। विभाग के कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद बिजली आपूर्ति को जल्द ही बहाल कर दिया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
समाजसेवी संत प्रसाद ने बताया कि यह सौभाग्य की बात रही कि हादसे के दौरान कोई व्यक्ति हाइवा की चपेट में नहीं आया और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई। उन्होंने बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की तत्परता से बड़ी समस्या टल गई।
स्थानीय लोगों ने भी विभाग के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर मरम्मत होने से क्षेत्र में बिजली संकट लंबा नहीं चला। घटना के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।