कोटा के रज़ा नगर स्थित दारुल उलूम अता-ए-रसूल में मिसबाह एजुकेशनल एंड वेलफेयर संस्था की जानिब से पैगम्बर-ए-इस्लाम की 1501वीं विलादत के मौके पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी का एहतेमाम किया गया। जलसे की सरपरस्ती सैयद जिया हैदर जैदी ने की, जबकि सदारत ऑल इंडिया सीरत कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना फज़ले हक़ ने की। उलेमाओं ने अपने खिताब में माँ-बाप, पड़ोसियों और महिलाओं का एहतराम करने के साथ बच्चों को तालीम दिलाने पर जोर दिया। मौलाना फज़ले हक़ ने कहा कि कोई भी समाज तालीम के बगैर तरक्की नहीं कर सकता, इसलिए आधी रोटी खाएं मगर बच्चों को जरूर पढ़ाएं और तालीम का चिराग घर-घर जलाएं। मुफ्ती इसहाक अशफ़ाक़ी ने कहा कि जब तक हम अपने माँ-बाप, पड़ोसियों और महिलाओं का एहतराम नहीं करेंगे, समाज तरक्की नहीं कर सकता। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने उलेमाओं का इस्तकबाल किया और बड़ी तादाद में लोग मौजूद रहे।
Ladpura, Kota | Sep 2, 2026