🔳आपदा मित्र योजना के तहत 150 स्वयंसेवियों का 7 दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
🔳कटनी – मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग मध्यप्रदेश शासन एवं होमगार्ड नागरिक सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सिविल डिफेंस टाउन कटनी में ‘आपदा मित्र योजना’ के अंतर्गत 150 स्वयंसेवी आपदा मित्रों का 7 दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण 27 जुलाई से 2 अगस्त तक कार्यालय वन मण्डलाधिकारी कटनी के प्रशिक्षण कक्ष में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना तथा स्वयंसेवियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं में दक्ष बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बचाव एवं राहत कार्य, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू), आपातकालीन परिस्थितियों में समन्वय एवं संचार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी दी गई।
समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री आशीष खरे, डिवीजनल कमाण्डेंट होमगार्ड जबलपुर रहे। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट श्री आर.एस. बघेल एवं प्लाटून कमाण्डर श्री वियांश चौधरी द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी परिचय पत्र, प्रमाण पत्र एवं किट सामग्री का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि श्री खरे ने प्रशिक्षणार्थियों से 7 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें आपदा प्रबंधन के महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आपदा मित्र समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो आपात स्थिति में लोगों की सहायता कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षित स्वयंसेवियों को भविष्य में आने वाली आपदाओं के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने एवं समाज सेवा के लिए तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के साथ सामूहिक फोटो लेकर प्रशिक्षण का समापन किया गया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Aug 3, 2026