Ambala Media:"
600 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, नशे से दूर रहने का दिया संदेश
अंबाला, 23 अगस्त। युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से अंबाला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मैदान—एक युद्ध, नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस लाइन ग्राउंड में पहली अंबाला पुलिस पब्लिक एथलेटिक मीट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंबाला के विभिन्न स्कूलों और संस्थानों से करीब 600 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह शेखावत, IPS ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पुलिस महानिरीक्षक अंबाला मंडल पंकज नैन, IPS के दिशा-निर्देशों और एसपी अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के अलावा हाई जंप और लॉन्ग जंप जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
सोनाक्षी, रितु और मेहर बनीं बेस्ट एथलीट
लड़कियों के वर्ग में सोनाक्षी, रितु और मेहर को बेस्ट एथलीट चुना गया, जबकि लड़कों के वर्ग में ध्रुव, सागर और मोहित ने बेस्ट एथलीट का खिताब हासिल किया। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसपी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं, मेहनत से शिक्षा प्राप्त करें और खेलों के माध्यम से देश व समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि अंबाला पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।
खेल विशेषज्ञों और सहयोगियों का सम्मान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले खेल विशेषज्ञों, पुलिस अधिकारियों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें रिटायर्ड डीपी मलकीत सिंह, राजिंदर, उप निरीक्षक शमशेर सिंह, जय सिंह, अजय कुमार, जसबीर कौर, रमेश कुमार, बलदेव, सरोज, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, रजनी और मुख्य सिपाही रोहित कुमार शामिल रहे।
इसके अलावा पुलिस डीएवी स्कूल के प्रिंसिपल विकास कोहली, विशाल बत्रा, राजीव जैन, विनोद गोयल और इंजीनियर बलबीर सिंह सहित समाजसेवी एवं मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अंबाला पुलिस इससे पहले भी ऑपरेशन मैदान के तहत चेस, क्रिकेट और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर चुकी है। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
Ambala Media | खबरें ही खबरें
कुलजीत सेठी | Editor
Website | Facebook | YouTube | WhatsApp Channel
Ambala, Ambala | Aug 24, 2026