कदौरा ब्लॉक में आवास घोटाले का बड़ा आरोप:
पात्रों के नाम काटकर अपात्रों को लाभ, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
उरई/जालौन
जनपद जालौन के कदौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कुँआखेड़ा के ग्राम दादूपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बड़ा घोटाले का आरोप सामने आया है।
पात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाकर अपात्र लोगों को शामिल किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी जालौन को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रार्थिनी वंदना पत्नी राजकुमार ने बताया कि वह ग्राम दादूपुर की स्थायी निवासिनी हैं और उनके पति विकलांग हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना की पूर्व सूची में उनका नाम क्रमांक 04 पर दर्ज था, लेकिन ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव द्वारा कथित रूप से पुरानी सूची को निरस्त कर नई सूची जारी कर दी गई।
इस नई सूची में पात्रों के नाम हटाकर अपात्रों को लाभार्थी बना दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खेल मिलीभगत से किया गया है, जिसमें गरीब और वास्तविक जरूरतमंदों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से नाम जोड़े गए हैं। राजकुमार, शिवराम, तिलक सिंह, विनोद कुमार, काशीप्रसाद, आशाराम, कुलदीप, संदीप कुमार, नीलू कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि वे पहले भी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कदौरा को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक न तो कोई जांच टीम गांव पहुंची और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई।
इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। न्याय की आस में ग्रामीण करीब 45-50 किलोमीटर का सफर तय कर उरई पहुंचे।
बड़े सवाल खड़े करता मामला:
- आखिर किन दबावों में पुरानी पात्र सूची को निरस्त किया गया?
- किन आधारों पर अपात्र लोगों को लाभार्थी बनाया गया?
- क्या ग्राम स्तर पर भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं?
- शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अब तक मौन क्यों हैं?
- क्या गरीबों का हक इसी तरह छीना जाता रहेगा?
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही वास्तविक पात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या रुख अपनाता है—क्या गरीबों को उनका हक मिलेगा या फिर फाइलों में ही न्याय दबकर रह जाएगा।
#जालौन #उरई #कदौरा #आवास_घोटाला #प्रधानमंत्री_आवास_योजना #ग्रामीण_आक्रोश #भ्रष्टाचार #बीडीओ_कदौरा #जिलाधिकारी_जालौन #डीएम_उरई #सीडीओ_जालौन #डीपीआरओ #ग्राम_प्रधान
#पंचायत_सचिव #उत्तरप्रदेश_सरकार #योगी_सरकार #जनसुनवाई #गरीबों_का_हक #हाउसिंग_स्कीम #विकास_की_सच्चाई #ग्राउंड_रिपोर्ट #ब्रेकिंग_न्यूज #हकीकत #सिस्टम_फेल #भ्रष्ट_तंत्र #न्याय_की_गुहार #जनता_परेशान #सरकारी_योजना #UPNews #LocalNews
Kalpi, Jalaun | Jun 23, 2026