आरती उतारूं, नारियल फोड़ूं?" – राजिम के गोबरा नवापारा में राशन राशन दुकानदार की दादागिरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गोबरा नवापारा (राजिम)। तटीय क्षेत्र के राम जानकी पारा में बाढ़ पीड़ितों को शासन द्वारा दिए जा रहे अतिरिक्त राशन के वितरण के दौरान राशन दुकानदार की गुंडागर्दी और बदसूली का मामला सामने आया है। राशन लेने पहुंचे प्रभावित वार्डवासियों के साथ दुकानदार द्वारा अभद्र व्यवहार करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दुकानदार ग्राहकों पर रौब झाड़ते हुए उन्हें "बाहर निकलो" कहता नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, जब लोगों ने अपनी समस्या बताई तो उसने तंज कसते हुए कहा— "आरती उतारूं, नारियल फोड़ूं? मत ले, मत ले जा... फोकट में मिल रहा है तो आके ले रहे हो, अगर पैसा लगता तो आते क्या?"
शासन की ओर से राहत सामग्री के रूप में दिए जा रहे राशन पर दुकानदार के इस अडियल और अपमानजनक रवैये को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। वीडियो वायरल होने के बाद अब क्षेत्रवासी प्रशासन से इस मनमौजी दुकानदार के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई और राशन दुकान का लाइसेंस रद्द करने की मांग कर रहे हैं। देखना होगा कि खाद्य विभाग और उच्च अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
#rajimbreakingnews #rajimchhattisgarh #ChhattisgarhNews #cgstatenews