राशन दुकान पर धांधली के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग
एंकरः
छतरपुर जिले के ग्राम राजापुर में राशन दुकान संचालक पर खाद्यान्न वितरण में गंभीर लापरवाही और धांधली के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं दिया जा रहा है और कई लोगों को कई-कई महीनों का राशन नहीं मिलने की शिकायत सामने आई है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
वीओ:
ग्रामीणों द्वारा जिला कलेक्टर को दिए गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि ग्राम राजापुर की राशन दुकान का संचालन डीलर द्वारा किया जा रहा है। आरोप है कि दुकान नियमित रूप से नहीं खोली जाती और महीने में केवल कुछ ही दिनों तक राशन दुकान खोलकर वितरण किया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई गरीब परिवारों को चार-चार महीने तक का राशन नहीं मिला है। आरोप यह भी है कि कुछ हितग्राहियों के नाम पर राशन वितरण दर्ज होने के बावजूद उन्हें वास्तविक रूप से राशन प्राप्त नहीं हुआ।
शिकायत में कुछ हितग्राहियों के नाम और आईडी का भी उल्लेख किया गया है, जिनके संबंध में राशन नहीं मिलने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित राशन दुकान के रिकॉर्ड, वितरण रजिस्टर और पात्र हितग्राहियों के राशन वितरण की जांच कराई जाए।
ग्रामीणों की मांगः
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पात्र हितग्राहियों को उनका बकाया राशन दिलाने तथा यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार राशन दुकान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन द्वारा क्या जांच कराई जाती है और राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर क्या कार्रवाई सामने आती है।