मिलावटी दूध की शिकायतों पर उपायुक्त की कार्रवाई, सैंपल जांच और वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने रामगढ़ के समीप मानक्या गांव में किया औचक निरीक्षण
नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: उपायुक्त सतपाल शर्मा
पंचकूला, 6 अक्तूबर: उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पंजाब से जिले में दूध की सप्लाई किए जाने संबंधी प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए दूध के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच करवाने तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के चालान कर उन्हें इंपाउंड करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने मंगलवार सुबह रामगढ़ के समीप मानक्या गांव में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंजाब नंबर के कुछ वाहनों को रुकवाकर जांच की गई। इन वाहनों में दूध से भरे कंटेनर पाए गए। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली कुछ मोटरसाइकिलों को भी रोका गया, जो दूध की सप्लाई के लिए शहर की ओर जा रही थीं।
वाहन चालकों से पूछताछ के दौरान उनके द्वारा बताया गया कि वे पंजाब से दूध लेकर आ रहे हैं और इसे जिले के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने मौके पर मौजूद जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को दूध के सैंपल लेने तथा उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सैंपल की जांच के दौरान यदि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरटीए अधिकारियों को बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के चालान करने तथा नियमानुसार उन्हें इंपाउंड करने के भी निर्देश दिए।
*खाद्य गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त*
उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिलावासियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
*रायपुररानी में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण*
इसके उपरांत उपायुक्त ने रायपुररानी स्थित विभिन्न मिठाई की दुकानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों में उपलब्ध मिठाइयों के साथ-साथ दूध एवं दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग में काफी वृद्धि होती है। बड़ी संख्या में नागरिक मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि उनके द्वारा हाल ही में पंचकूला के प्रमुख मिठाई विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें मिठाइयों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा दुकानों में साफ-सफाई और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
उपायुक्त ने मिठाई विक्रेताओं एवं खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे नागरिकों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।