पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरी विद्यार्थी परिषद, पुतला फूंककर जताया आक्रोश
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन, झारखंड में छात्र आंदोलन पर लाठीचार्ज का जताया विरोध
जालौन, 13 अगस्त। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं एवं पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन पर पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ गुरुवार को जालौन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन की शुरुआत बड़े डाकघर से हुई। बड़ी संख्या में एकत्रित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता जुलूस के रूप में उरई चौराहे की ओर बढ़े। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पूरा चौराहा विरोध के नारों से गूंज उठा। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार का पुतला फूंककर अपना आक्रोश जाहिर किया।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
तहसील संयोजक स्वयं गोस्वामी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं युवाओं के भविष्य की बुनियाद होती हैं। ऐसे में पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं से लाखों छात्रों की मेहनत प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की मांग की।
नारेबाजी के बीच फूंका पुतला
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के हित में आवाज बुलंद की। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश नजर आया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन में स्वयं गोस्वामी तहसील संयोजक, सूर्यांश गुर्जर नगर मंत्री जालौन, अभय तोमर नगर सह मंत्री, पियूष पंडित, गोपाल जी शिवहरे, शिवा यागिक और आयुष राजपूत समेत करीब 40 से 50 कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jalaun, Jalaun | Aug 13, 2026