🔳विद्यार्थियों को जैविक खेती, पोषक तत्व एवं मिट्टी परीक्षण का दिया गया प्रशिक्षण
🔳कटनी - विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत कृषि विषय का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को जैविक खेती का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण शासकीय आर.के. गौतम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुरवारी (जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा) में आयोजित हुआ।
प्राचार्य श्री संघ रत्न भेलावे के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में जैविक कृषि विशेषज्ञ श्री रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को आधुनिक एवं कम लागत वाली कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने जीरो बजट फार्मिंग एवं वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय बताए।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को फसल उत्पादन की संपूर्ण कार्यमाला के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें जलवायु एवं मौसम के अनुसार खेती, मिट्टी की गुणवत्ता, उन्नत बीजों का चयन, बीज दर एवं बीज उपचार, जैविक खाद का उपयोग, कीट नियंत्रण के लिए जैविक कीटनाशकों का प्रयोग, सिंचाई, कटाई, गहाई एवं भंडारण की तकनीकों पर विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही पौधों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों का वर्गीकरण भी समझाया गया, जिसमें हवा एवं पानी से प्राप्त होने वाले तत्व, मुख्य पोषक तत्व, द्वितीयक पोषक तत्व तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को फसलों में लगने वाले विभिन्न प्रकार के कीटों जैसे काटने, कुतरने, रस चूसने एवं फल छेदक कीटों की पहचान एवं नियंत्रण के उपाय भी बताए गए।
मिट्टी परीक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए नमूना लेने की सही विधि की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि जैविक खेती अपनाने से लागत में कमी आती है और बाजार पर निर्भरता घटती है, जिससे खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
13 views | Katni, Madhya Pradesh | Aug 10, 2026