संध्या अर्घ्य को लेकर जिला पदाधिकारी ने कैलाशपुरी पुल घाट का किया निरीक्षण
छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश; घाट पर की पूजा-अर्चना, जिलेवासियों एवं बिहारवासियों को दीं छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं
सीतामढ़ी।
लोक आस्था एवं सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर संध्या अर्घ्य के मद्देनजर जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने आज कैलाशपुरी पुल घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भास्कर को नमन किया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, आवागमन के रास्तों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता, सुरक्षित पहुंच पथ एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, अनुशासन एवं सामाजिक समरसता का अनुपम पर्व है। इस अवसर पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने समस्त छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं, सीतामढ़ी जिलेवासियों एवं समस्त बिहारवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने भगवान सूर्य एवं छठी मैया से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
जिला प्रशासन, सीतामढ़ी द्वारा छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगातार तैयारियों की निगरानी की जा रही है, ताकि सभी छठ व्रती एवं श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं निर्बाध रूप से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
Sitamarhi, Bihar | Nov 15, 2026