नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक, कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूती से जुटने के निर्देश
बाड़मेर/बालोतरा। बालोतरा जिला मुख्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में आगामी बालोतरा नगर परिषद् सहित सिणधरी, जसोल, सिवाना, समदड़ी, गुड़ामालानी एवं धोरीमन्ना नगर पालिका के नगर निकाय चुनाव-2026 के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर कांग्रेस संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में बाड़मेर-जैसलमेर- बालोतरा सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतु विधायक हरीश चौधरी, बाड़मेर व बालोतरा जिले के प्रभारी मोहनलाल डागर, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, जिलाध्यक्ष प्रियंका मेघवाल, जिला प्रमुख महेन्द्र चौधरी, पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोपाराम मेघवाल, पचपदरा विधानसभा प्रभारी इंद्राराम प्रजापत, सुनील परिहार सहित कांग्रेस नेताओं ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में वार्डवार चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर की रणनीति, मतदाता संपर्क एवं जनसंपर्क अभियान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रत्येक वार्ड एवं बूथ पर संगठन को मजबूत करने तथा आपसी समन्वय के साथ प्रभावी तरीके से कार्य करने का आह्वान किया गया।
सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय स्तर पर आमजन से सीधे जुड़ा हुआ चुनाव है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर संपर्क कर आमजन की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझें तथा कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच मजबूती से रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकजुटता के बल पर पार्टी आगामी नगर निकाय चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी, सक्रियता और अनुशासन के साथ चुनावी मैदान में जुटने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी मोहनलाल डागर ने भी चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संगठन के पदाधिकारियों को वार्ड एवं बूथ स्तर पर मजबूत समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझते हुए संगठन की रणनीति के अनुरूप सक्रियता से कार्य करना होगा। उन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम को मजबूत करने, मतदाताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं बायतु विधायक हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि आमजन की आवाज को मजबूती से उठाना और स्थानीय निकायों में जनहित, विकास, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की व्यवस्था को मजबूत करना है। नगर निकायों में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, रोजगार एवं अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया गया।
बैठक में पूर्व विधायक मदन प्रजापत ने उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की चुनावी तैयारियों एवं संगठनात्मक स्थिति को लेकर सुझाव रखे। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता, समन्वय और सामूहिक प्रयास के साथ चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
अन्य सभी कांग्रेस नेताओं ने संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुट मेहनत ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। सभी कार्यकर्ता मिलकर आमजन के बीच कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित के संकल्प को लेकर जाएंगे तथा आगामी नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
इसके बाद बाड़मेर-जैसलमेर- बालोतरा सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बाड़मेर व बालोतरा जिले के प्रभारी मोहनलाल डागर ने सिवाना व समदड़ी में नगर पालिका के पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, टिकट के दावेदारो की बैठक ली। इन दोनो बैठको में कांग्रेस नेता सुनील परिहार, पूर्व विधायक गोपाराम मेघवाल, पूर्व प्रधान मुकनसिंह राजपुरोहित, पूर्व प्रधान गरिमा राजपुरोहित, पूर्व प्रधान एवं ओमाराम मेघवाल सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कांग्रेस संगठन के विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, नगर निकाय क्षेत्रों के जिम्मेदार कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Barmer, Barmer | Aug 27, 2026