शहीद पदमधर सिंह महाविद्यालय में निकली भव्य तिरंगा रैली
हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश
----
सतना 11 अगस्त 2026/देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद पदमधर सिंह शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, #सतना में उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकालकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया तथा इसके बाद विशाल मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता और अनुशासन का परिचय दिया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. गुप्ता के निर्देशन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. क्रांति मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों एवं कार्यक्रम अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों और उत्साह के साथ लोगों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों का जोश और उत्साह देखते ही बनता था। पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना दिखाई दी और महाविद्यालय परिसर सहित आसपास का क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। तिरंगा रैली के पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों द्वारा विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई। मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, अनुशासन और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने एकजुट होकर तिरंगे के सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. मनीष प्रताप सिंह, डॉ. गरिमा सिंह, विजय सिंह कुशवाहा, मोहित कुशवाहा, जतिन पाण्डेय सहित अन्य स्वयंसेवकों ने रैली और मानव श्रृंखला के आयोजन में सक्रिय सहभागिता करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में सहयोग किया।
#HarGharTiranga2026
#HarGharTiranga
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav