### बांका में जीविका दीदियों को मिला ₹1.08 करोड़ का ऋण, 61 स्वयं सहायता समूहों की 500 से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
**बांका |
बांका में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। टाउन हॉल, बांका में जीविका और IDBI बैंक के संयुक्त तत्वावधान में मेगा ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 61 स्वयं सहायता समूहों को कुल ₹1 करोड़ 8 लाख का ऋण वितरित किया गया, जिससे ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार और आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल और IDBI बैंक के कार्यपालक निदेशक डॉ. कुमार नील लोहित ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर जीविका दीदियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने जीविका दीदियों के प्रयासों, आत्मनिर्भरता और वित्तीय अनुशासन की सराहना की। उन्होंने लाभार्थियों को ऋण राशि का उपयोग कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, सिलाई और अन्य आयवर्धक गतिविधियों में करने की सलाह दी। साथ ही, ऋण की किस्तों का समय पर भुगतान करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों और कर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, जीविका की ओर से लगाए गए आजीविका गतिविधियों के स्टॉलों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया और महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
बताया गया कि बांका जिले में 3.25 लाख से अधिक परिवार जीविका से जुड़े हैं। अब तक विभिन्न बैंकों के माध्यम से 26,543 स्वयं सहायता समूहों को कुल ₹1,155.6 करोड़ का ऋण वितरित किया जा चुका है।
कार्यक्रम में IDBI बैंक के वरीय पदाधिकारियों, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार, वित्तीय समावेशन प्रबंधक जय कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक अजय कुमार सिंह सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कर्मी मौजूद रहे।
**जिला प्रशासन, जीविका और बैंकिंग संस्थाओं की इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।**
Amarpur, Banka | Oct 23, 2026