*महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती समारोह को हर्षोल्लास एवं सादगी के साथ मनाया जाए: डीएम*
*रायबरेली-28 सितम्बर 2026,*
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जयंती समारोह को गरिमापूर्ण, हर्षोल्लास एवं सादगी के साथ मनाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 01 अक्टूबर को शहीद स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के माध्यम से सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि 02 अक्टूबर को जनपद के सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए तथा सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करें।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में गांधी जी के प्रिय भजनों का गायन कराया जाए तथा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं आदर्शों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला जाए। विशेष रूप से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता, सादा जीवन-उच्च विचार, मितव्ययिता, भाईचारा, सर्वधर्म समभाव तथा पंचायती राज को लोकतंत्र की बुनियादी इकाई जैसे महत्वपूर्ण विचारों एवं सिद्धांतों की जानकारी जनसामान्य को दी जाए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में उपयुक्त वार्डों एवं ग्रामों का चयन कर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही शहीद स्थलों पर पूर्व की भांति गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने तथा संबंधित विभागों द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता, अहिंसा एवं जनसेवा के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।