बरोठा में श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब...
गणेश मंदिर में हुई भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा, कावड़ियों ने किया जलाभिषेक
बरोठा। श्रावण मास के पहले सोमवार को नगर सहित आसपास के क्षेत्र में शिवभक्ति का माहौल रहा। दिनभर शिव मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रहीं और बाबा भोलेनाथ के जयकारों से पूरा नगर गूंजता रहा।
नगर के दशहरा मैदान स्थित गणेश मंदिर में अकोदिया वाले दिनेश नागर, वर्णिका इलेक्ट्रिक के परिवार द्वारा मंदिर प्रांगण में भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर उपस्थित रहे।
सुबह से ही नगर के भूतेश्वर महादेव मंदिर, सोमेश्वर महादेव मंदिर एवं नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। फूल, बेलपत्र और धतूरे से सजे शिवलिंग के दर्शन के लिए भक्त सुबह से शाम तक कतारों में खड़े रहे।
वहीं कालोदिया स्थित हरिहर आश्रम में भी दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। ग्राम रतेडी से बड़ी संख्या में शिवभक्त कावड़ लेकर पहुंचे। कावड़ियों ने आश्रम पहुंचकर बाबा को गंगाजल अर्पित कर मनोकामनाएं मांगी।
मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और पेयजल की व्यवस्था की थी।
पूरे दिन "हर हर महादेव" के नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।