बलिया में रसड़ा पुलिस ने मंदिरों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर की रात करीब 12:50 बजे लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसमें सवार लोग भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और दोनों को पकड़ लिया गया। इसके बाद तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर 30 अक्टूबर की रात लखनेश्वर डीह स्थित शिव मंदिर में वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का नाग और नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी लूट ली थी।
इतना ही नहीं, गिरोह ने 11 अक्टूबर की रात गाजीपुर जनपद के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर को भी निशाना बनाया था। वहां से राधा-कृष्ण की मूर्तियों के मुकुट चोरी किए गए थे। पुलिस ने इन दोनों वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर तैयार की गई करीब 300 ग्राम चांदी बरामद की है। इसके अलावा दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक लोहे की रॉड, एक प्लास, एक पेचकस और टेप भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिशान आलम, चन्द्रशेखर कुमार, सूरज पासवान, चनशेखर कुमार और बाला लखन्दर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। इनमें जिशान आलम और चन्द्रशेखर कुमार मुठभेड़ में घायल हुए हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव (प्रभारी सर्विलांस), रसड़ा थानाध्यक्ष कौशल पाठक और स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अजय साहनी अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#Ballia #Rasra #BalliaPolice #TempleTheft #PoliceEncounter #UttarPradeshPolice #BalliaKhabar