सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर इंदौर एयरपोर्ट के विकास कार्यों की समयबद्ध कार्ययोजना बनाने पर सांसद शंकर लालवानी ने दिया जोर
विमानतल सलाहकार समिति (AAC) की बैठक में रन-वे विस्तार, रडार स्थापना, समानांतर टैक्सी ट्रैक, भूमि अधिग्रहण एवं लो-फ्लोर एसी बस सेवा शुरू करने सहित महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा
इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल की विमानतल सलाहकार समिति (AAC) की महत्वपूर्ण बैठक आज पुराने टर्मिनल भवन के सभाकक्ष में सांसद श्री शंकर लालवानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इंदौर एयरपोर्ट के समग्र विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, विमानन सेवाओं को बेहतर बनाने तथा आगामी सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सांसद श्री शंकर लालवानी ने सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट से संबंधित सभी विकास कार्यों की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इंदौर एयरपोर्ट की क्षमता, सुविधाओं, कनेक्टिविटी एवं यात्री प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए अभी से समन्वित प्रयास किए जाने आवश्यक हैं।
बैठक में रन-वे विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण, ASR-MSSR रडार की स्थापना हेतु भूमि अधिग्रहण, समानांतर टैक्सी ट्रैक (PTT) के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण तथा सिंपल अप्रोच लाइटिंग सिस्टम के उन्नयन के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही एयरपोर्ट को शहर के प्रमुख स्थानों से बेहतर तरीके से जोड़ने के उद्देश्य से लो-फ्लोर एसी बस सेवा शुरू करने का विषय भी प्रमुखता से रखा गया। सांसद श्री लालवानी ने अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी (Last Mile Connectivity) सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने के लिए इस सेवा को प्रारंभ करने पर जोर दिया।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से आने वाले यात्रियों की सुविधा एवं जागरूकता के लिए सीमा शुल्क (Customs Duty) से छूट प्राप्त वस्तुओं से संबंधित जानकारी एयरपोर्ट पर प्रदर्शित करने का विषय भी चर्चा में आया। इस पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने आगामी 20 दिनों के भीतर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने का आश्वासन दिया।
भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों एवं एयरपोर्ट से लो-फ्लोर एसी बस सेवा प्रारंभ करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।
सांसद श्री लालवानी ने कहा कि इंदौर एयरपोर्ट केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि आसपास के राज्यों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए इसके बुनियादी ढांचे, अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी, यात्री सुविधाओं एवं परिवहन व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना आवश्यक है।
बैठक में विमानतल निदेशक श्री विक्रम ठक्कर, पुलिस उपायुक्त श्री नरेंद्र रावत, अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य, नगर निगम उपायुक्त श्री प्रदीप जैन, CISF प्रभारी श्री जीशान आमिर एवं टर्मिनल प्रभारी श्री अंकुर खरे ,श्री शुभम जायसवाल सहित कस्टम्स एवं इमिग्रेशन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न एयरलाइंस के स्टेशन प्रभारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त विमानतल सलाहकार समिति के सदस्य श्री राहुल गोयल, श्री अविनाश तोड़ीवाल, एवं श्री पवन कुमार चेलानी सहित उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की।
सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन की दिशा में इंदौर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी एवं सुदृढ़ आधारभूत संरचना से सुसज्जित करना इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य रहा।
Indore Commissioner
Collector Office Indore
CM Madhya Pradesh
#Simhastha2028 #IndoreAirport #Indore #Infrastructure
Indore, Madhya Pradesh | Nov 27, 2026