#भरतपुर। वैर की धरसोनी ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के नतीजों को लेकर बबाल खड़ा हो गया है। मतगणना में धांधली और प्रशासनिक मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क में धरना शुरू कर दिया है। पराजित प्रत्याशी गिरजेश के पति बलदेव का आरोप है कि रिटर्निंग अधिकारी ने पूरे चुनाव को हाईजैक कर लिया। उनका कहना है कि दो राउंड की गिनती के बाद तीसरे राउंड का परिणाम करीब चार घंटे तक रोके रखा गया और तड़के सुबह पांच बजे गिरजेश को 9 वोटों से पीछे बता दिया गया। बाद में जब रिकाउंटिंग हुई तो गिरजेश के 8 वोट विजयी प्रत्याशी राजेश कुमारी के बंडल में मिले, जिसके बाद राजेश कुमारी को महज 1 वोट से जीता घोषित कर दिया गया। चुनावी नतीजे के विरोध में सभी सात प्रत्याशी एकजुट हो गए हैं। ग्रामीणों ने रिटर्निंग अधिकारी की कॉल डिटेल निकालने और मतगणना कक्ष के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग उठाई है।
Bharatpur, Bharatpur | Nov 7, 2026