#अटलबंद_थाने_में_दर्ज_कराएंगे_एफआईआर..
भरतपुर। जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्प्लॉई यूनियन के भरतपुर जिलाध्यक्ष और ड्राइवर सत्यवीर डागुर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि टायर पंचर बनवाने वैशाली नगर डिपो जा रही बस को ट्रैफिक इंस्पेक्टर लोकेश चौधरी ने जबरन रोककर सवारियां चढ़ाना शुरू कर दिया, जिसका विरोध करने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने सत्यवीर डागुर को घूंसा मारा और ट्रैफिक कार्यालय में ले जाकर पैर छुवाकर माफी मंगवाई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कंडक्टर हेम सिंह गुर्जर के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिसके बाद पीड़ित ड्राइवर सत्यवीर डागुर ने आरोपी ट्रैफिक इंस्पेक्टर के खिलाफ भरतपुर के अटल बंद थाने में एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।