डेरापुर में साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली बड़ी राहत, पुलिस ने खाते में वापस कराए रुपये
कानपुर देहात में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से एक युवक को बड़ी राहत मिली है। डेरापुर थाना क्षेत्र के बलहरामऊ गांव निवासी युवक के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों द्वारा निकाली गई 1 लाख 4 हजार 559 रुपये की पूरी रकम पुलिस और साइबर टीम ने वापस करा दी। खाते में रकम वापस आने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, बलहरामऊ गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र रमेश बाबू की जीमेल आईडी हैक कर साइबर ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 1,04,559 रुपये निकाल लिए थे। यह घटना 5 अक्टूबर 2026 की है। अपने साथ हुई साइबर ठगी की जानकारी होने पर प्रमोद ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डेरापुर थाना पुलिस और साइबर टीम ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस की सक्रियता के चलते ठगी गई पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर प्रमोद ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
थाना प्रभारी नीलेश कुमारी ने रविवार शाम 4 बजे बताया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी जीमेल आईडी, बैंकिंग संबंधी जानकारी और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार युवक को बड़ी राहत मिली है।