शिमला में सड़क पर गुंडागर्दी का आरोप, HRTC बस रोककर चालक से बदसलूकी, शिमला ग्रामीण की टूटू मजठाई पंचयात का मामला, वीडियो वायरल...
ऑल्टो चालक की कथित गाली-गलौज और धमकी का वीडियो वायरल, यात्रियों में मची दहशत
शिमला, 29 सितंबर। राजधानी शिमला में सड़क पर एक HRTC बस को रोककर चालक से कथित बदसलूकी और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शिमला से भरयाल जा रही HRTC बस को संकरी पहाड़ी सड़क पर एक ऑल्टो कार चालक ने बीच रास्ते में रोक दिया। इसके बाद चालक के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया।
घटना के दौरान बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग यात्री भी सवार थे। आरोप है कि ऑल्टो चालक के धमकी भरे व्यवहार और गाली-गलौज से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में भी रोष है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह बस रोककर चालक के साथ कथित बदसलूकी करना गंभीर मामला है। उन्होंने वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, HRTC प्रबंधन से भी घटना का संज्ञान लेने और बस चालक से पूरे मामले की जानकारी लेने की मांग उठ रही है। फिलहाल वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।