राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त अभियान जारी, 25 अनाधिकृत अतिक्रमण हटाए गए
चित्तौड़गढ़, 16 जुलाई। माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर द्वारा डी.बी. सिविल रिट पिटिशन तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली द्वारा पारित आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में इस अभियान के लिए कैम्प रिजर्व पुलिस लाइन से क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों एवं वाहन सहित तैनात किया गया है। यह टीम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), पीडब्ल्यूडी नेशनल हाईवे एवं आरएसआरडीसी हाईवे के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रतिदिन अभियान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने का कार्य कर रही है। अभियान भीलवाड़ा-चित्तौडगढ, चित्तौडगढ-उदयपुर एवं राष्ट्रीय राजमार्गो / राज्य मार्गो से अनाधिकृत अतिक्रमण / पार्कीग हटाये जाने हेतु चलाया जा रहा है। सम्पूर्ण अभियान पुलिस उप अधीक्षक (यातायात), चित्तौड़गढ़ श्री भूरा राम के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा गुरुवार को देवरी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। कार्रवाई होड़ा चौराहा से चित्तौड़गढ़ शहर की ओर तथा भदेसर चौराहा (उदयपुर मार्ग) की दिशा में आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस व अन्य विभागों द्वारा गुरुवार को की गई कार्रवाई के दौरान कुल 25 अनाधिकृत अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के दौरान संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपादित की गई। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा एवं भविष्य में पुनः अतिक्रमण की संभावना को रोकने के उद्देश्य से होटल-ढाबों एवं सर्विस रोड के मध्य लगभग ढाई से तीन फीट गहरी सुरक्षा खाई (ट्रेंच) खोदने का कार्य भी संबंधित विभाग द्वारा किया गया, जिससे वाहनों का अनधिकृत आवागमन एवं अतिक्रमण प्रभावी रूप से रोका जा सके।
जिला पुलिस आमजन, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की भूमि पर किसी प्रकार का अनधिकृत अतिक्रमण अथवा अवैध पार्किंग न करें तथा प्रशासन द्वारा संचालित अभियान में सहयोग प्रदान करें। सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना यातायात की सुगमता, सड़क सुरक्षा तथा आमजन के हित में अत्यंत आवश्यक है। आगामी दिनों में भी यह संयुक्त अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Badgaon, Udaipur | Jul 16, 2026