छठ महापर्व के अवसर पर घाटों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
आगामी आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव के द्वारा जिले के सभी नगर परिषद /नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई। नगर आयुक्त ,नगर निगम मोतिहारी श्री आशीष कुमार समीक्षा बैठक में उपस्थित थे।
जिलाधिकारी द्वारा जिले के सभी नगर पंचायत और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों (Executive Officers) को छठ घाटों की युद्धस्तर पर तैयारी करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए गए:-
घाटों की सफाई एवं समतलीकरणः सभी चिन्हित छठ घाटों की मुकम्मल सफाई सुनिश्चित की जाए। नदी, तालाब और पोखरों के पहुंच पथ (रास्तों) को पूरी तरह दुरुस्त और समतल किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
सुरक्षा एवं बैरीकेडिंगः गहरे पानी वाले खतरनाक घाटों को चिन्हित कर वहां लाल कपड़ा या संकेतक बोर्ड लगाया जाए। साथ ही, नदी और बड़े तालाबों में पानी के भीतर मजबूत बैरीकेडिंग सुनिश्चित की जा सके ताकि कोई भी अप्रिय घटना नहीं हो।
घाटों पर गोताखोरों की टीम को मुस्तैद रखा जाएगा।
रोशनी की समुचित व्यवस्था: शाम और सुबह के अर्घ्य के समय पर्याप्त रोशनी के लिए घाटों और संपर्क मार्गों पर एलईडी लाइटें, हैलोजन और जनरेटर की बैकअप व्यवस्था की जाए।
घाटों पर शुद्ध पेयजल (Water Tankers) की व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कैंप व एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को स्वयं क्षेत्र में रहकर रोजाना सुबह-शाम घाटों का निरीक्षण करने और प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पालन करें और खतरनाक घोषित किए गए घाटों पर जाने से बचें, ताकि इस महापर्व को पूरी पवित्रता और सुरक्षा के साथ मनाया जा सके।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary
11 views | East Champaran, Bihar | Nov 7, 2026