जैसलमेर में कांग्रेस का दबदबा कायम! संतोष कुमारी के बाद हरीश धनदे भी निर्विरोध निर्वाचित
जैसलमेर में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत का सिलसिला जारी है। जिला प्रमुख पद पर संतोष कुमारी के निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने बाजी मार ली है। 36 वर्षीय हरीश धनदे निर्विरोध उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए हैं। इस जीत के साथ जिला परिषद के दोनों प्रमुख पदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है।
पूर्व विधायक रूपाराम धनदे के पुत्र और पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल के भाई हरीश धनदे ने बीजेपी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले वार्ड नंबर-1 से चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई थी। आज नामांकन के बाद उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ तो कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल बन गया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई बांटी।
आखिर जैसलमेर में कांग्रेस की इस बड़ी जीत के पीछे क्या है राजनीतिक समीकरण? जिला परिषद की 21 सीटों में से कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज एक सीट पर सिमट गई। इसी जनादेश के चलते पहले संतोष कुमारी और अब हरीश धनदे निर्विरोध चुने गए हैं।
अब सवाल यह है कि क्या जिला परिषद की तरह पंचायत समितियों में भी कांग्रेस अपना दबदबा कायम रख पाएगी? सभी की निगाहें अब प्रधान पदों के निर्वाचन पर टिकी हैं।
#TharChronicle #RajasthanNews #HindiNews
Pokaran, Jaisalmer | Nov 26, 2026