मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना से समृद्ध हो रहे पशुपालक
बड़वानी 04 जून 2026 / कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जयती सिंह के निर्देशन में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से रात्रि चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि के साथ-साथ पशुपालन को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने के गुर सिखाए जा रहे हैं, जिसके अब जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे हैं।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उपसंचालक डॉ. दिनेश पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है। योजना के तहत अब तक जिले के 68 हितग्राहियों को उच्च आनुवंशिक गुणवत्ता वाली मुर्रा नस्ल की कुल 136 भैंसें प्रदान की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत सभी वर्ग के पशुपालकों को औसतन 8 से 10 लीटर प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन क्षमता वाली दो दुधारू भैंसें प्रदाय की जाती हैं।
इस योजना की कुल इकाई लागत 2,50,000 (ढाई लाख रुपये) निर्धारित है सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को 50 प्रतिशत यानी 1 लाख 25 हजार रुपये एवं अनुसूचित जाति एव जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 75 प्रतिशत यानी 1 लाख 87 हजार 500 रुपये का अनुदान शासन द्वारा दिया जा रहा है।
13 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jun 4, 2026