धान खरीद के सीजन में किसानों को नहीं आएगी कोई दिक्कत : डा. गणेश दत्त
-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर मंड़ियों में किए सभी प्रकार के प्रबंध
-शिविर लगाकर किसानों को सरकार की योजनाओं के बारे में किया जा रहा है जागरूक
लाडवा, 8 सितंबर। मार्केट कमेटी लाडवा के चेयरमैन डा. गणेश दत्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धान खरीद के सीजन में किसानों की सुविधा के लिए सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने का आदेश दिया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत सीजन के दौरान न रहे। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान व अन्य खरीफ फसलें निर्धारित मानकों के अनुसार ही मंडी में लाएं। फसल को अच्छी तरह सुखाकर लाएं।
चेयरमैन डा. गणेश दत्त मंगलवार को अनाज मंडी धर्मशाला लाडवा में आयोजित किसान जागरूकता शिविर में बोल रहे थे। शिविर में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड से जेडएमईओ राम मेहर जांगलान, वाइस चेयरमैन सुरेंद्र सिंगला, मंडी प्रधान राजीव आर्य मुख्य रूप से मौजूद रहे। शिविर के दौरान मार्केटिंग बोर्ड एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी एवं किसान हितैषी योजनाओं, जैसे बीबीवाई, फसल अवशेष जलाने से संबंधित प्रावधान एवं योजनाएं, मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना तथा मंडियों में फसलों की खरीद प्रक्रिया आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने किसानों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
मार्केट कमेटी चेयरमैन डा. गणेश दत्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने प्रदेश में किसानों के लिए अनेक लाभकारी योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंच रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ पाने के लिए किसानों को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सरकार किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर कर रही है। हरियाणा प्रदेश ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य है। इसके साथ ही फसल खरीद करने के साथ-साथ ही भुगतान की भी समय सीमा निर्धारित की गई है।
चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जैसे भावांतर भरपाई योजना, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, फसल बीमा योजना आदि चलाई जा रही है, लेकिन कई बार जानकारी के अभाव में किसान इन योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए इस किसान जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यक्रम में खरीफ सीजन 2026 के दौरान सुचारू खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने, किसानों को सरकारी योजनाओं व मानकों की जानकारी दी। शिविर में किसानों को धान व अन्य खरीफ फसलों की फेयर एवरेज क्वालिटी मानकों, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, इलेक्ट्रॉनिक तौल और मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
उन्होंने कहा कि फसल बिक्री के लिए किसान या उसके अधिकृत प्रतिनिधि का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य है। इसके साथ ही तौल कार्य केवल इलेक्ट्रॉनिक वेइंग स्केल के माध्यम से ही होगा। उन्होंने कहा कि किसान अपने साथ पंजीकरण विवरण, पहचान पत्र व बैंक पासबुक अवश्य लेकर आएं। किसान यह सुनिश्चित करें कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज बैंक खाते का नाम वही हो। नाम में भिन्नता होने पर भुगतान में देरी हो सकती है।
इस मौके पर स्वीटी भुल्लर, यशपाल धयांगला, राजकुमार खेडी दबदलान, साधू सिंह, राम धारी डूडा, रामकुमार खैरा, जसबीर पंजेटा, संजीव सैनी, रघुनाथ सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।