*शासकीय महाविद्यालय करंजिया में माटी गणेश-सिद्ध गणेश प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित*
*छात्र-छात्राओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा निर्माण का दिया प्रशिक्षण*
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा संचालित माटी गणेश-सिद्ध गणेश प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय करंजिया में छात्र-छात्राओं के लिए गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र सिंह चौहान एवं विकासखंड समन्वयक श्री भानुप्रताप मरावी के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में नर्मदा समग्र अमरकंटक के मास्टर ट्रेनर श्री दिनेश साहू ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला का शुभारंभ मां नर्मदा की पत्रिका प्राचार्य श्री प्रमोद कुमार वास्पे को भेंट कर किया गया।
मास्टर ट्रेनर श्री दिनेश साहू ने विद्यार्थियों को बताया कि सेरेमिक एवं प्लास्टर ऑफ पेरिस से निर्मित प्रतिमाओं तथा रासायनिक रंगों के प्रयोग से जल एवं पर्यावरण प्रदूषित होता है, जिसका मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक मिट्टी से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण तथा घरेलू एवं प्राकृतिक सामग्री से सजावट करने से पर्यावरण को प्रदूषण से बचाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ’हर घर गणेश-माटी गणेश’ की थीम को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यशाला में शासकीय महाविद्यालय करंजिया के विज्ञान एवं कला संकाय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर प्राचार्य श्री प्रमोद कुमार वास्पे, डॉ. राकेश सिंह परस्ते, श्री विक्रम सिंह टेकाम, श्री नरसिंह धुर्वे, डॉ. प्रीति पाण्डेय, डॉ. के.पी. बरोह, श्री प्रकाश यादव, मेंटर्स सुश्री हीरा टांडिया, श्री प्रकाश यादव, श्री सौरभ खाण्डे तथा नवांकुर संस्था एकता वेलफेयर सोसायटी करंजिया के अध्यक्ष श्री दिलीप कुमार टांडिया सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Dindori, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026