*महिला एवं बाल विकास योजनाओं की प्रगति की केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने की समीक्षा*
इंदौर, 15 जून 2026
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को इंदौर के गोम्मटगिरी स्थित सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान में महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आंगनवाड़ी, पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित केंद्र सरकार की विभिन्न प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
समीक्षा बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास से संबंधित नई पहलों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इंदौर स्थित यह संस्थान मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और गुजरात के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। यहां महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तीन प्रमुख मिशन— मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0, मिशन शक्ति तथा मिशन वात्सल्य से जुड़े हितधारकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की वीजन एवं विकसित भारत के अनुरूप आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों, सीडीपीओ, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी), जिला बाल संरक्षण इकाइयों तथा वन स्टॉप सेंटरों के कार्मिकों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संस्थान प्रशिक्षण के साथ-साथ शोध एवं मूल्यांकन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। विभिन्न योजनाओं के प्रभावों का अध्ययन कर उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव तैयार किए जाते हैं। वर्तमान में महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षणार्थी यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार छह वर्ष की आयु तक बच्चों के मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास हो जाता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। इसी दृष्टिकोण के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पोषण माह और पोषण पखवाड़ा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान परिसर में मंत्रीगणों ने पौधारोपण भी किया।
#JansamparkMP #Indore #इंदौर #WomenAndChildDevelopment #PoshanAbhiyaan #NariShakti
CM Madhya Pradesh
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
JDjansampark Indore
1 views | Indore, Madhya Pradesh | Jun 15, 2026