भाजपा कार्यालय के घेराव पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की
यमुनानगर। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया एवं अंबाला लोकसभा सांसद वरुण मुलाना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता श्री रमन त्यागी भी बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यालय के बाहर बैरिकेड्स लगाए। आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार विरोध दर्ज कराया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
कांग्रेस नेता रमन त्यागी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा।