ग्राम प्रहरियों को मुख्यमंत्री की सौगात, मानदेय 2,500 से बढ़ाकर 3,500; परिवार सहित मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस उपचार
बरेली में प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान कार्यक्रम का जालौन पुलिस लाइन में हुआ सजीव प्रसारण
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों के योगदान को सराहा
उरई (जालौन): ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरियों के लिए मुख्यमंत्री ने मानदेय वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की। ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये किए जाने के साथ ही उन्हें एवं उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा के लिए कैशलेस कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। इन कदमों से ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को आर्थिक संबल तथा स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
नाथ नगरी बरेली में आयोजित कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद जालौन की पुलिस लाइन में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। इस दौरान सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक, जिलाधिकारी समीर, पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और देखा। ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये किए जाने से उन्हें प्रतिमाह 1,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। वहीं, ग्राम प्रहरी एवं उनके परिवार के लिए पांच लाख रुपये तक के उपचार हेतु कैशलेस कार्ड की सुविधा स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के समय आर्थिक बोझ कम करने में सहायक होगी। मानदेय में वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा की यह पहल ग्राम प्रहरियों के कल्याण तथा उनके परिवारों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच संपर्क की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गांवों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने, अपराधों की रोकथाम तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते हैं। उनकी सतर्कता और समय पर दी गई सूचनाएं पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करने में मदद करती हैं।
Orai, Jalaun | Oct 13, 2026