#ब्रेकिंग_न्यूज..
भरतपुर। मथुरा गेट थाना क्षेत्र में रिश्ते को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। भरण-पोषण के विवाद में कोर्ट से छूटकर आए ससुरालियों ने सुलह का झांसा देकर बहू को घर बुलाया, फिर उसके साथ दरिंदगी और जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में पीड़िता का आरबीएम अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, विवाहिता का अपने पति लाखन निवासी सूरजमल नगर से विवाद चल रहा था। 3 अगस्त को पारिवारिक न्यायालय में बकाया भरण-पोषण के 60 हजार रुपये जमा कराने के बाद ससुर मुकेश और देवर सौरभ ने सपना को आश्वासन दिया कि अब वे उसे ठीक से रखेंगे। इस झांसे में आकर विवाहिता उसी शाम अपने ससुराल चली गई। आरोप है कि घर पहुंचते ही ससुर मुकेश ने उसके साथ जबरदस्ती व अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। विवाहिता के विरोध करने और चीखने-पुकारने पर ससुर मुकेश, पति लाखन सहित अन्य लोगों ने मिलकर लात-घूसों, डंडों और लोहे की सरिया से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। विवाहिता की 7 वर्षीय बेटी ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उससे मोबाइल छीनकर फेंक दिया और विवाहिता के पर्स में रखे 60 हजार रुपये भी निकाल लिए। ससुरालियों द्वारा सपना को अधमरा छोड़कर भाग जाने के बाद 7 वर्षीय मासूम ने हिम्मत दिखाते हुए अपने नाना को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर मथुरा गेट थाना पुलिस के साथ पहुंचे परिजनों ने विवाहिता को लहूलुहान और अधमरी हालत में आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां सर्जिकल वार्ड में उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर मथुरा गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।