पुलिस अधीक्षक पलवल के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों के लिए एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यशाला का आयोजन।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस मुख्यालय में पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एचआईवी/एड्स विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला (वर्कशॉप) का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ काउंसलर उमेद सिंह रावत (काउंसलर ICTC, नागरिक अस्पताल पलवल), श्रेया (काउंसलर ICTC, CHC हथीन) तथा निशा रानी (LT, ICTC, नागरिक अस्पताल पलवल) ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को एचआईवी/एड्स से बचाव एवं सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
*कार्यशाला में दी गई मुख्य जानकारियां*
विशेषज्ञों ने व्याख्यान देते हुए एचआईवी संक्रमण के कारण, रोकथाम तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया:
*संक्रमण के मुख्य कारण:* असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त या रक्त उत्पादों का प्रयोग, एचआईवी संक्रमित सुई/सिरिंज का साझा उपयोग तथा संक्रमित मां से बच्चे में संक्रमण फैलने की संभावनाएं।
*बचाव एवं सावधानियां:*
1.हमेशा जांचा-परखा व लाइसेंस प्राप्त ब्लड बैंक से ही रक्त लें।
2.इंजेक्शन अथवा चिकित्सा प्रक्रियाओं के दौरान हमेशा नई व डिस्पोजेबल सिरिंज का उपयोग सुनिश्चित करें।
*भ्रांतियां एवं मिथक:* यह स्पष्ट किया गया कि एचआईवी छूने, हाथ मिलाने, गले मिलने, साथ बैठकर खाना खाने, कपड़े साझा करने अथवा मच्छर के काटने से बिल्कुल नहीं फैलता। ऐसे व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न बरतते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
कार्यशाला के दौरान बताया गया कि सभी सरकारी अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में एचआईवी जांच और परामर्श सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी व जवान उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारियों को समझा और अपने दैनिक कार्यक्षेत्र में इन सावधानियों को अपनाने का संकल्प लिया।