सेमरी में स्वामित्व शिविर की हकीकत परखने पहुंचे अधिकारी, ग्रामीणों को मिलेगा आबादी का पक्का पट्टा
पिछोर- मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना अब धरातल पर नजर आने लगी है। पिछोर जनपद की ग्राम पंचायत सेमरी में आबादी क्षेत्र में वर्षों से निवासरत परिवारों को उनके आशियाने का कानूनी हक दिलाने के लिए विशेष रजिस्ट्री शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके प्लॉट और मकान का पक्का मालिकाना दस्तावेज उपलब्ध कराया जाएगा।
बुधवार को शिविर का भौतिक सत्यापन करने एसडीएम ममता शाक्य, तहसीलदार शिवशंकर गुर्जर और जनपद पंचायत के सीईओ नरेन्द्र सिंह नरवरिया सेमरी पहुंचे। अधिकारियों ने शिविर में चल रही रजिस्ट्री प्रक्रिया, दस्तावेजों के संधारण और ग्रामीणों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मौके पर ग्राम पंचायत सचिव अजब सिंह लोधी और हल्का पटवारी संदीप पटेल ने बताया कि स्वामित्व योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण आबादी क्षेत्र में स्थित आवासीय संपत्तियों का ड्रोन सर्वे कर अधिकार अभिलेख तैयार करना है। इससे वर्षों से अपने मकान और प्लॉट में रह रहे ग्रामीणों को वैधानिक अधिकार मिलेगा। योजना के तहत मिलने वाले स्वामित्व कार्ड से ग्रामीण न केवल अपनी संपत्ति का मालिकाना हक प्रमाणित कर सकेंगे, बल्कि आपसी संपत्ति विवादों में भी कमी आएगी। साथ ही इस कानूनी दस्तावेज के आधार पर ग्रामीण बैंक से ऋण लेकर अपनी आर्थिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ा सकेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के आयोजन से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।
Collector Shivpuri
Arpit Verma IAS