जिला कलेक्टर ने किया धनाऊ के ओजियाँ गांव की पारंपरिक पट्टू बुनाई कला का निरीक्षण
जीआई टैग एवं ट्रेडमार्क दिलाने में हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
बाड़मेर, 28 जुलाई। जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने मंगलवार को धनाऊ तहसील के ओजियाँ गांव पहुंचकर स्थानीय पारंपरिक पट्टू बुनाई (हथकरघा) कला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय शिल्पकार खेताराम के घर पहुंचकर हस्तनिर्मित पट्टू उत्पादों का अवलोकन किया तथा अन्य शिल्पकारों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं संभावनाओं की जानकारी ली।
जिला कलेक्टर ने कहा कि बाड़मेर की पारंपरिक पट्टू बुनाई क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है। इस कला को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रभावी ब्रांडिंग, बेहतर पैकेजिंग, डिजिटल मार्केटिंग तथा व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प को जीआई टैग एवं ट्रेडमार्क दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने तथा इस प्रक्रिया में जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय बुनकरों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, उनकी समस्याओं के समाधान, प्रशिक्षण, विपणन तथा बाजार उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं, ताकि इस पारंपरिक कला को संरक्षण मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ें।
इस अवसर पर शिल्पकार खेताराम ने बताया कि उनके परिवार में पट्टू बुनाई कई पीढ़ियों से की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास पारंपरिक पट्टू बुनाई को आधुनिक डिज़ाइन और बाज़ार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित कर अधिक से अधिक युवाओं एवं महिलाओं को इस कला से जोड़ना है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार धनाऊ भोमाराम सहित संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय शिल्पकार उपस्थित रहे।
Barmer, Barmer | Jul 28, 2026