नगर विकास न्यास का अतिक्रमण पर प्रहार, बेशकीमती सरकारी भूमि कराई मुक्त
रामगढ़ रोड स्थित न्यास की भूमि से अवैध निर्माण हटाए, प्रशासन ने पुनः लिया कब्जा
अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध भविष्य में भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई – सचिव, नगर विकास न्यास
जैसलमेर नगर विकास न्यास, जैसलमेर ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व ग्राम बड़ाबाग के खसरा संख्या 02/457 एवं 446, जो नगर विकास न्यास के नाम दर्ज हैं, से अवैध अतिक्रमण हटाकर भूमि का कब्जा पुनः नगर विकास न्यास के पक्ष में प्राप्त किया।
यह कार्रवाई सचिव नगर विकास न्यास सुखाराम पिण्डेल के नेतृत्व में तहसीलदार, पटवारी, सहायक अभियन्ता, कनिष्ठ अभियन्ता तथा पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में रामगढ़ रोड स्थित न्यास की बेशकीमती भूमि पर की गई। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए कच्चे निर्माणाधीन मकान तथा पक्की दुकानों को हटाया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं नियमानुसार संपन्न कराते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
सचिव नगर विकास न्यास सुखाराम पिण्डेल ने बताया कि नगर विकास न्यास की भूमि आमजन की अमूल्य सार्वजनिक संपत्ति है, जिस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे तथा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें एवं नगर विकास न्यास की परिसंपत्तियों के संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करें। नगर विकास न्यास का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखकर नियोजित एवं सुव्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित किया जा सके।
Barmer, Barmer | Jul 28, 2026