मानसून आपदा प्रबंधन के लिए SDRF पूरी तरह तैयार: कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने ब्यावर में रेस्क्यू टीम का किया निरीक्षण
• एसपी रतन सिंह के साथ टीम की तैयारियों का लिया जायजा, कहा- हर आपदा में त्वरित और मानवीय सहायता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
जयपुर 28 जुलाई। मानसून सत्र-2026 के दौरान संभावित बाढ़, जलभराव एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राजस्थान राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में एसडीआरएफ के कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के साथ जिला ब्यावर में तैनात एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम E-3 का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा जवानों का उत्साहवर्धन किया।
कमांडेंट सिसोदिया ने बताया कि 25 जून 2026 से मानसून सत्र के मद्देनज़र एसडीआरएफ की 70 प्रशिक्षित रेस्क्यू टीमों को राज्य के 35 आपदा संभावित जिलों में तैनात किया गया है। ये टीमें स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर बाढ़, जलभराव तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित कर रही हैं।
निरीक्षण के दौरान कमांडेंट सिसोदिया ने रेस्क्यू टीम के जवानों के साथ संभावित बाढ़, तेज बहाव वाले क्षेत्रों में बचाव अभियान, जलभराव की परिस्थितियों में राहत कार्य तथा स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जवानों को हर परिस्थिति में सतर्क, अनुशासित और संवेदनशील रहते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि "आपदा सेवार्थ कटिबद्धता" एसडीआरएफ का मूल मंत्र है और प्रत्येक कार्मिक के कार्य एवं व्यवहार में यही भावना दिखाई देनी चाहिए। किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक शीघ्र, प्रभावी एवं मानवीय सहायता पहुंचाना ही एसडीआरएफ राजस्थान का सर्वोच्च दायित्व है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह ने भी एसडीआरएफ की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि मानसून के दौरान जिला प्रशासन और एसडीआरएफ के बीच बेहतर समन्वय से किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।
कमांडेंट सिसोदिया ने बताया कि मानसून सत्र-2026 के दौरान किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ बल पूरी तरह प्रशिक्षित, संसाधन-संपन्न और प्रतिबद्ध है तथा प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है।
Barmer, Barmer | Jul 28, 2026