बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान, MJSAT-2026 में 1155 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा; टॉप-400 शॉर्टलिस्ट #kangralive
मुनीश शर्मा की पहल से आयोजित हुई छात्रवृत्ति परीक्षा, कृति ने हासिल किया पहला स्थान; 11 हजार रुपये की छात्रवृत्ति से सम्मानित होंगी टॉपर, शगुन ठाकुर दूसरे और हिया शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं #SukhvinderSinghSukhu @topfans
माता-पिता बच्चों की प्रतिभा पहचानें, उन पर अनावश्यक दबाव न बनाएं; अनुशासन, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से ही मिलेगी सफलता : मुनीश शर्मा
देहरा। विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाने और भविष्य की राह आसान बनाने के उद्देश्य से माँ ज्वाला अकादमी ऑफ एक्सीलेंस की ओर से आयोजित माँ ज्वाला स्कॉलरशिप एप्टीट्यूड टेस्ट (MJSAT)-2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। 24 नवंबर को घोषित परिणाम में परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 400 विद्यार्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस परीक्षा में पांच विकास खंडों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर लगभग 1,155 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
परीक्षा का आयोजन 26 अक्टूबर 2026 को किया गया था। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता और प्रतिभा को परखने के साथ उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। घोषित परिणाम के अनुसार कृति ने पहला स्थान हासिल किया। उन्हें 11,000 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। कृति पीएम श्री स्कूल नलेटी की छात्रा हैं। दूसरे स्थान पर जीएसएसएस कथोग की शगुन ठाकुर रहीं, जिन्हें 5,100 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। वहीं, श्री शालीग्राम पब्लिक स्कूल, कड़ोआ की हिया शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल कर 3,100 रुपये की छात्रवृत्ति अपने नाम की।
महंगी कोचिंग नहीं, सही दिशा और मेहनत जरूरी
माँ ज्वाला अकादमी ऑफ एक्सीलेंस के एमडी मुनीश शर्मा ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए केवल अच्छे स्कूल या महंगी कोचिंग में दाखिला लेना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए सही दिशा, आत्मअनुशासन, निरंतर मेहनत और अभिभावकों का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे की अपनी क्षमता, रुचि और प्रतिभा होती है। माता-पिता को दूसरे बच्चों से तुलना करने के बजाय अपने बच्चे की खूबियों को पहचानना चाहिए और उसी के अनुसार उसके करियर की दिशा तय करनी चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों पर अपनी पसंद का करियर थोपने या अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उन्हें उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर दें। घर में पढ़ाई के अनुकूल वातावरण तैयार करें और बच्चों का मनोबल बढ़ाएं।
घर के नजदीक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना उद्देश्य
मुनीश शर्मा ने कहा कि माँ ज्वाला अकादमी ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के पीछे मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों को घर के नजदीक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें अच्छी शिक्षा के लिए प्रदेश, जिला या तहसील से बाहर जाने की मजबूरी न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अकादमी का दौरा कर यहां उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था को स्वयं देखने का आग्रह किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अकादमी में दाखिला लेने मात्र से किसी विद्यार्थी का डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस या एचएएस अधिकारी बनना सुनिश्चित नहीं हो जाता। संस्थान बच्चों को सही दिशा, मार्गदर्शन और अनुशासन देने का प्रयास करता है, लेकिन सफलता के लिए विद्यार्थियों को स्वयं भी पूरी निष्ठा और लगन से मेहनत करनी होगी।
नशे के खतरे को लेकर भी किया आगाह
मुनीश शर्मा ने युवाओं में बढ़ते नशे के खतरे पर चिंता जताते हुए अभिभावकों से बच्चों की संगति, गतिविधियों और दिनचर्या पर सकारात्मक नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली भी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक हैं।
शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सक्रिय है माँ ज्वाला समूह
मुनीश शर्मा माँ ज्वाला नर्सिंग कॉलेज, कुंडलीहार, माँ ज्वाला आईटीआई, माँ ज्वाला अकादमी ऑफ एक्सीलेंस और विभिन्न कौशल विकास केंद्रों से जुड़े हुए हैं। वह हिमाचल प्रदेश सरकार के कौशल विकास निगम के पूर्व निदेशक भी रह चुके हैं।
MJSAT-2026 जैसी पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को पहचानने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रवृत्ति परीक्षा से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अपनी योग्यता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
Kangra, Kangra | Nov 25, 2026