#हरिद्वार से कांवड़ लेकर शिमला पहुंचे 30 कांवड़ यात्री,
ममलेश्वर महादेव मंदिर करसोग तक जाएगी यात्रा, कल सुन्नी के काली घाट मंदिर में चढ़ाएंगे जल
शिमला। कांवड़ संस्था सुन्नी और नव दुर्गा जागरण मंडली करसोग सुन्नी के सौजन्य से आयोजित कांवड़ यात्रा के तहत 30 लोगों की मंडली हरिद्वार से कांवड़ लेकर शिमला पहुंची। मंडली 6 अगस्त को सुन्नी से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी।
7 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे हरिद्वार से कांवड़ लेकर श्रद्धालु वापस हिमाचल के लिए रवाना हुए। पांवटा साहिब और नेनाटिककर होते हुए शिमला पहुंचे कांवड़ यात्रियों ने कांवड़ लेकर रिज मैदान पर पहुंचकर अपनी धार्मिक यात्रा को आगे बढ़ाया।
रिज मैदान पहुंचे कांवड़ यात्रियों में अलसिंडी के जय प्रकाश, रौड़ीधार के गोपाल, अंकु जशीभराड़ा और जमोग के अमित कौंडल सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रियों के अनुसार, मंगलवार को सुन्नी स्थित काली घाट मंदिर में हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल को अर्पित किया जाएगा। इसके बाद यह धार्मिक यात्रा करसोग के प्रसिद्ध ममलेश्वर महादेव मंदिर तक जाएगी, जहां भगवान शिव को जल अर्पित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से लगातार कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। हर वर्ष श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लेकर हिमाचल पहुंचते हैं और विभिन्न शिव मंदिरों में पवित्र जल अर्पित करते हैं।
इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं।