हरदोई: महिला थाने के बाहर नवविवाहित दंपती में विवाद,नोकझोंक व हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
हरदोई। महिला थाने के बाहर सोमवार को एक नवविवाहित दंपती और उनके परिजनों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर कोतवाली शहर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर काउंसलिंग कराई, जिसके बाद आपसी समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार, हरियावां थाना क्षेत्र की रहने वाली रेशमा का विवाह शाहजहांपुर निवासी सचिन के साथ 20 अप्रैल को हुआ था। रेशमा का आरोप है कि शादी में उसके पिता ने करीब 5 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और अन्य उपहार दिए थे। शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया वाहन की मांग की। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
इसी मामले को लेकर रेशमा ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला थाने में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी।
बताया जा रहा है कि महिला थाने से बाहर निकलते ही रेशमा ने दहेज में दी गई मोटरसाइकिल वापस मांगी, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। मामले की सूचना पर पहुंची कोतवाली शहर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां दोबारा काउंसलिंग कराई गई। सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद आपसी सहमति से समझौता करा दिया गया है और मामला शांत हो गया।
Hardoi, Hardoi | Jul 14, 2026